राहुल रंजन –
चंडी थाना इलाके में बदमाशों ने रविवार की रात उत्पात मचाते हुए चार घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। सोमवार की सुबह घटना का खुलासा हुआ।
सिकरिया गांव के धर्मेन्द्र पंडित ने बताया कि सुबह चार बजे उनकी नींद खुली। पास में ही उनका पुराना घर है, उसमें ताला लगा था। सुबह उठने पर टूटे ताले पर नजर पड़ी। घर के अंदर बक्सा-पेटी का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने बक्से से सोने-चांदी के जेवर, कांसा के बर्तन व 35 हजार नगदी की चोरी कर ली।
इसी तरह मदन सिंह के बंद पड़े घर में चोरी हुई। वे परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। उनके घर से क्या चोरी हुआ है, यह उनके आने पर ही पता चलेगा। भगवानपुर गांव में चोरों ने दिल्ली में रहने वाले देवेन्द्र साव के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर चोरी की। चोरी गये सामानों का पता गृहस्वामी के लौटने पर चलेगा। इसी गांव के महेश कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि घर में ताला लगाकर पत्नी का इलाज करवाने राजगीर गये थे। इधर चोरों ने अलमारी तोड़कर सामान को बिखरा था। चोरी गयी संपत्ति का आकलन कर रहे हैं। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि एक गांव से चोरी की सूचना मिली है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।

