• April 18, 2026 9:43 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – घूस लेते राजस्व कर्मी को निगरानी ने दबोचा…

ByReporter Pranay Raj

Feb 3, 2026

राज –

नालंदा में निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार की शाम राजस्व कर्मी को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कर्मी अखिलेश साह, कैमूर जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र के छिउरी गांव के रहने वाले हैं। वे राजगीर प्रखंड के पांच पंचायतों के राजस्व कर्मचारी के रूप में तैनात थे। टीम ने उन्हें राजगीर-छबिलापुर मार्ग में लेदुआ पुल के पास गिरफ्तार किया। उन्होंने जमीन के परिमार्जन के लिए 45 हजार रुपये घूस मांगे थे। कानूनी प्रक्रिया के बाद टीम उन्हें अपने साथ पटना लेकर गयी है।

निगरानी के डीएसपी अखिलेश कुमार व कृपाल चंद्र जायसवाल ने बताया कि 15 जनवरी को छबिलापुर थाना क्षेत्र के रटना गांव निवासी राजीव कुमार ने शिकायत दर्ज करायी थी। उनके लिखित आवेदन पर आरोपों का सत्यापन कराया गया। जांच में आरोप सही पाये गये। इसके बाद धावा दल का गठन कर छापेमारी की गयी। मंगलवार को रेड एंड सर्च ऑपरेशन चलाकर लेदुआ पुल के पास रुपये लेते उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपित को पूछताछ के बाद निगरानी विभाग के विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। छापेमारी टीम में इंस्पेक्टर अमन आनंद, एसआई शशि कुमार, अमित कुमार आदि शामिल थे।