• November 20, 2025 12:49 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – चिकसौरा में महिला को मारी गोली, हरनौत में चाचा की हत्या, जानें वारदात…

ByReporter Pranay Raj

Nov 10, 2025

राज – 9334160742 

हरनौत थाना क्षेत्र के फलहनवां गांव में सोमवार की सुबह भतीजे ने चेहरे में नाक के पास गोली मारकर चाचा की हत्या कर दी। घटना का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। मृतक स्व. धुरी सिंह के 48 वर्षीय पुत्र चंद्रदीप प्रसाद हैं। सूचना पाकर डीएसपी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

मृतक की पत्नी सुलेखा देवी ने बताया कि गोतिया से तीन बीघा रकबे की जमीन का बंटवारा हो चुका था। इसके बाद आरोपित ने तीन बीघा जमीन अपनी बहू के नाम से लिखा लिया। उनके पास एक कट्‌ठा जमीन बची है। जिस पर आरोपित भतीजा कब्जा करना चाहता था। पति धान का पुंज उक्त भूमि पर रख रहे थे। उसी दौरान भतीजा ने गोली मारकर पति की हत्या कर दी। वहीं, ग्रामीणों की मानें तो पईन की सरकारी जमीन पर कब्जा विवाद में हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। चाचा-भतीजा ने पईन की कुछ धुर जमीन पर कब्जा किया था। उसी जमीन पर धान का पुंज लगाने पर विवाद हुआ। जिसके बाद गोली मारकर भतीजे ने चाचा की हत्या कर दी।

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। जांच के बाद स्पष्ट होगा कि सरकारी या निजी जमीन पर कब्जा का विवद था। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्यों का नमूना एकत्र कर उसे जांच को ले गई। एहतियातन गांव में पुलिस कैंप कर रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

 

महिला को मारी गोली
चिकसौरा थाना क्षेत्र के कमरथु गांव में रविवार की रात पूर्व के विवाद में दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग व मारपीट हुई। गोली लगने से गांव की एक महिला जख्मी हो गईं। जबकि, मारपीट में दोनों पक्ष से आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गोली से जख्मी मुनदारिक यादव की पत्नी दुल्ला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि दोनों पक्षों ने 13 को आरोपित कर केस कराया है। आरोपित उदय यादव उर्फ टुन्नी, रामप्रवेश यादव और पिंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। अग्रेतर कार्रवाई जारी है। जख्मी महिला को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।