• September 30, 2026 11:27 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – भाजपा नेता ने मेयर के जाति प्रमाण-पत्र को बताया गलत, कार्रवाई की मांग…

ByReporter Pranay Raj

Nov 2, 2025

राज – 9334160742 

भाजपा नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद नीरज कुमार उर्फ डब्ल्यू ने नगर निगम की मेयर अनीता देवी पर गलत जाति प्रमाण पत्र बनवाकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने चुनाव आयोग को लीगल नोटिस भेजकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने मेयर पति मनोज तांती, पुत्र अमित कुमार पर योजनाओं में लूट-खसोट के भी आरोप लगाया है। रविवार को उन्होंने बनौलिया मोहल्ले में प्रेस वार्ता कर इस संबंध में कागजात दिखाये। इसमें सीओ का एक पत्र भी है। इस पत्र के अनुसार जाति प्रमाण पत्र नियम के खिलाफ है।

वहीं, मेयर पुत्र अमित कुमार ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कहा कि सभी प्रमाण-पत्र सही है। पिता चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीतिक साजिश के तहत यह आरोप लगाये जा रहे हैं। आरोप लगाने वाले पूर्व वार्ड पार्षद भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हैं। इस वजह से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। उनके पिता को मिल रहे जनसमर्थन को देखकर विरोधी घबरा गए हैं। यही कारण है कि मेयर चुनाव के तीन साल बाद इस तरह का बेबुनियाद आरोप लगाया जा रहा है।

आरोपों को जानें

पूर्व वार्ड पार्षद ने बताया कि मेयर के पिता झारखंड के रहने वाले हैं। उन्होंने जो जाति प्रमाण पत्र बनवाया है, वह बिहारशरीफ का है। इसमें उन्होंने खुद को पटवा जाति का बताया है। नियम के अनुसार झारखंड से निर्मित जाति प्रमाण पत्र मान्य है। उन्होंने चुनाव आयोग को कानूनी नोटिस भेजकर कार्रवाई की मांग की है।