राज – 9334160742
रहुई थाना क्षेत्र के देकपुरा गांव में घर की साफ-सफाई करने के दौरान करंट से महिला की मौत हो गई। मृतका पंकज कुमार की 20 वर्षीया पत्नी निशा कुमारी हैं। पति ने बताया कि उनकी मां छठ करती हैं। पत्नी घर में साफ-सफाई कर रही थीं। उसी दौरान बिजली तार के संपर्क में आकर करंट से पत्नी झुलस गईं। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घाेषित कर दिया। थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।
इसी तरह बिहार थाना क्षेत्र के चौखंडीपर मोहल्ला में गुरुवार की रात युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार की अल सुबह घटना का खुलासा हुआ। परिवार के लोग युवक के कमरे में गए तो उसकी लाश फंदे पर लटकी मिली। मरने के पहले युवक ने अपने मोबाइल में वीडियो बनाया था। जिसमें सट्टा के कारण कर्ज में डूबे होने की बात कही है। मृतक स्व. रंजीत कुमार का 19 वर्षीय पुत्र मोहित वर्मा है। पुलिस मृतक के मोबाइल को जब्त कर वीडियो की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि मृतक के मोबाइल को जब्त कर वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद खुदकुशी का कारण स्पष्ट होगा।
वहीं, थरथरी थाना क्षेत्र के कौशिल्या बिगहा गांव के सोतापर खंधा से पुलिस ने शुक्रवार को एक युवक का शव बरामद किया। मृतक कौशिल्या बिगहा निवासी 35 वर्षीय अखिलेश कुमार यादव हैं। गर्दन पर निशान होने के कारण परिजन गला दबाकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मृतक की मां और पत्नी हत्या के आरोप में जेल में हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।

