राज – 9334160742
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के 78वें जन्मदिन के अवसर पर सोहसराय स्थित महादलित टोले में सेवा और सादगी के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर राजद नेत्री आयशा फातिमा और समाजसेवी यासिर इमाम के नेतृत्व में स्थानीय राजद कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने लालू यादव के जन्मदिन को जनसेवा के रूप में मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई, जिसमें दर्जनों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद बच्चों के बीच मिठाइयां और पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया। महादलित टोले के सैकड़ों बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष रूप से नाश्ते की भी व्यवस्था की गई, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
इस अवसर पर राजद नेत्री आयशा फातिमा ने कहा, “लालू प्रसाद यादव गरीबों की आवाज हैं। उन्होंने उस वर्ग को अधिकार और सम्मान दिलाया, जिसे कभी अपनी बात कहने का भी अधिकार नहीं था। उनका संपूर्ण जीवन वंचितों और शोषितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा है।”
आयशा फातिमा ने बताया कि इससे पूर्व उन्होंने पटना स्थित राजद मुख्यालय में जाकर स्वयं लालू यादव से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सक्रिय जीवन की कामना की।
समाजसेवी यासिर इमाम ने भी लालू यादव के सामाजिक न्याय के विचारों को याद करते हुए कहा, “लालू जी ने सामाजिक समरसता और हाशिए पर खड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। आज उनकी विचारधारा को गांव-गांव, गली-गली तक पहुंचाने की जरूरत है।”
कार्यक्रम में “लालू यादव जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और स्थानीय ग्रामीण आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी मोहम्मद सादिक, रामदेव चौधरी, विक्की डोम, पप्पू खान, संजू देवी, मीना देवी, पप्पू चंद्रवंशी, दीपक डोम, दिलीप डोम सहित कई महादलित परिवार के लोग भी मौजूद रहे। राजद कार्यकर्ताओं ने इस सेवा कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी केवल सत्ता की राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि हर स्तर पर आम जनता के सुख-दुख में सहभागी है।