• November 20, 2025 6:05 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – 6 सालों से फरार हत्यारोपी ससुराल में बेच रहा शराब, जाने कैसे धराया…

ByReporter Pranay Raj

Nov 25, 2024

राज – 9334160742 

शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार करने गई पुलिस के हाथ एक हत्यारोपी चढ़ गया। नूरसराय थाना पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाकर शराब धंधेबाजों के ठिकाने पर छापेमारी किया। छापेमारी सदर डीएसपी-2 संजय जायसवाल के नेतृत्व में की जा रही थी। टीम में उत्पाद विभाग के अधिकारी भी शामिल थे। खोजी कुत्ते की मदद से खेत-खलिहानों से पुलिस ने 270 लीटर चुलाई शराब बरामद किया। इसके अलावा गैस सिलेंडर व अन्य सामान जब्त हुआ।
मल बिगहा गांव से शराब के साथ महिला समेत दो धंधेबाजों को पकड़ा गया। गिरफ्तार धंधेबाजों में सोनी देवी और थरथरी के अतबलचक निवासी भौरी यादव उर्फ धर्मपाल शामिल है। जांच में खुलासा हुआ कि धर्मपाल हत्यारोपी है। 6 सालों से वह फरार था। ससुराल मे छिपकर वह शराब बिक्री का कार्य कर रहा था। उसके पास से 80 लीटर शराब जब्त हुई।
थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार शराब धंधेबाज धर्मपाल हत्यारोपी है। थरथरी थाना में कांड संख्या 93/18 उस पर दर्ज था। आरोपित 6 सालों से फरार चल रहा था। ससुराल में छिपकर रहते हुए वह शराब बिक्री करता था। छापेमारी की भनक पाकर आरोपित शराब को दो गैलन में लेकर भाग रहा था। उसी दौरान पकड़ा गया। आरोपित के गिरफ्तारी की सूचना थरथरी थाना पुलिस को दे दी गई है। थरथरी पुलिस आरोपित को रिमांड पर लेगी।
गोली मारकर की थी युवक की हत्या
थरथरी थाना क्षेत्र के अतबलचक गांव निवासी मेथू गोप ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें धर्मपाल के अलावा उसके पिता विंदेश्वर, दो भाई, बहन समेत छह नामजद हैं। आरोपों में बताया गया है कि 10 सितंबर 2018 की रात 8 बजे सभी आरोपित परिवादी के घर में घुसकर गाली-गलौज करने लगे। उसी दौरान धर्मपाल और राजेश ने उनके 22 वर्षीय पुत्र फेकन यादव को दो गोलियां मार दी। जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। बच्चों के विवाद में बदमाशों ने हत्याकांड को अंजाम दिया था। कांड के बाद से आरोपित ससुराल में छिपकर रह रहा था।