• June 7, 2025 10:00 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – मुआवजा नहीं मिला तो किसानों ने रोका सड़क निर्माण कार्य ….

Oct 17, 2024

राज – 9334160742 

मुआवजा नहीं मिलने पर तेलमर गांव में किसानों ने सड़क निर्माण कार्य रोक दिया। सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया। अधिकारियों व ग्रामीणों में नोकझोंक हुई। लोगों ने झंडा-बैनर लेकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण में असर्वेक्षित भूमि के अधिग्रहण के कारण मुआवजा का मामला अटका पड़ा है।

दरअसल, पुलिस-प्रशासन की टीम दलबल के साथ सड़क निर्माण में बाधा बन रहे मोबाइल टावर को हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई की सूचना मिलते ही दर्जनों लोग जमा होकर हंगामा करने लगे। अधिकारियों को टावर हटाने से रोक दिया। इसी विवाद में दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई। टीम को टावर हटाये बिना खाली हाथ लौटना पड़ा। बाद में पहुंचे डीएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत करवाया और सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ।

किसानों ने बताया कि तत्कालीन एडीएम की गलत नीति के कारण सर्वेक्षित भूमि को असर्वेक्षित कर दिया गया। इसमें तेलमर समेत कई गांव शामिल है। जबदंबा स्थान से राजगीर तक सड़क का निर्माण हो रहा है। इसमें दर्जनों किसानों की भूमि अधिग्रहित की गयी है। कुछ किसानों को मुआवजा मिला है। तेलमर मौजा के किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। विभाग टालमटोल कर रहा है। किसानों ने मुख्यमंत्री, विधायक के साथ संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी गुहार लगायी है। डीएसपी ने बताया कि भूमि निदेशालय का मामला है। कागजी प्रक्रिया चल रही है। विभाग से बात की गयी है। जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।