राज
जिले में बीते 24 घंटे के दौरान अलग-अलग घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। गिरियक थाना अंतर्गत घोड़ा कटोरा के पंचाने नदी में सोमवार की शाम डूबकर बुजुर्ग की जान गई। मृतक गिरियक निवासी 70 वर्षीय विनेश्वर मांझी हैं। इसी तरह पावापुरी ओपी पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर त्रिवेणी नदी से एक युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान 56 वर्षीय सुरेश पंडित के रूप में की गई। ग्रामीणों की मानें तो अधेड़ नदी में मछलियां पकड़ रहे थे। उसी दौरान डूबकर उनकी जान चली गई।
करंट से युवक की मौत
सिलाव थाना क्षेत्र के भुई गांव में पोल के स्टेक के संपर्क में आकर करंट से युवक की मौत हो गई। मृतक 25 वर्षीय सुनील कुमार चौधरी हैं। ग्रामीण व परिजन घटना का जिम्मेवार विद्युत विभाग को बताते हुए मुआवजा की मांग कर रहे हैं। मृतक दो बच्चों के पिता थे। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। लिखित शिकायत मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई होगी
पैठना में मिली लाश, लगा हत्या आरोप
वेना थाना अंतर्गत पैठना गांव में मंगलवार की शाम एक युवक की लाश मिली। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घंटों बाद मृतक की पहचान पैठना गांव निवासी बाल गोविंद रविदास के 35 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र रविदास के रूप में की गई। परिजन घटना को हत्या बता रहे हैं। युवक सोमवार की सुबह घर से निकला था। जिसके बाद नहीं लौटा। मंगलवार की सुबह परिजनों ने लापता की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद शाम में युवक का शव मिला। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा
एफसीआई कर्मी की मौत
कतरसीराय थाना इलीाके में सोमवार की रात सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एफसीआई के कर्मी की मौत हो गई। मृतक पलटपुरा गांव निवासी 33 वर्षीय प्रेमरंजन कुमार उर्फ पप्पू सिंह हैं। परिवार ने बताया कि युवक नवादा के कौआकोल में एफसीआई में अनुबंध पर कार्यरत थे। ड्यूटी के बाद घर लौटने में अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी जान चली गई। थानाध्क्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।

