राहुल रंजन की रिपोर्ट
सारे थाना पुलिस ने शनिवार की रात एक शातिर चोर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपित दूसरे जिले से आकर अकेले ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपित जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के काजीसराय निवासी अरविंद वर्मा के रूप है।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित अकेले ही चोरी करता था और किसी सहयोगी को साथ नहीं रखता था। पुलिस के अनुसार अरविंद दिन में मारुति वैन से इलाके की रेकी करता था। रात होते ही उसी वैन में गैस कटर और चोरी के अन्य सामान लेकर निकलता और मौका देखकर वारदात करता था।
शनिवार रात वह सारे थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास स्थित एक होटल में चोरी का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे देख लिया और पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपित की मारुति वैन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद कर लिए हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास तथा अन्य जिलों में हुई चोरियों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

