एन के सिन्हा की रिपोर्ट
नगरनौस थाना क्षेत्र के रामघाट-लोहण्डा रोड में हाई स्कूल के पास पिकअप की चपेट में आकर बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जबकि उनका पुत्र घटना में जख्मी हो गया।
मृतका भोभी गांव निवासी गया पासवान की 60 वर्षीया पत्नी शकुंतला देवी हैं। परिवार ने बताया कि महिला पैदल अपने घर लौट रहीं थी। उसी दौरान पीछे से पिकअप ने महिला को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जख्मी पुत्र इलाजरत है।
थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। अग्रेतर कार्रवाई जारी है।
घटना नं. 2
मेल देख लौट रहे ई-रिक्शा सवार बुजुर्ग की मौत
राजगीर थाना क्षेत्र के नोन्ही गांव के समीप गुरुवार की सुबह बालू लोड ट्रैक्अर के टक्कर से ई-रिक्शा सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि, पत्नी-बेटी, नाती और चालक जख्मी हो गया। परिवार मलमास मेला देखकर गांव लौट रहे थे। उसी दौरान घटना हुई। हादसे के बाद चालक, ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
ग्रामीणों के सहयोग से सभी को अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। मृतक खुदागंज थाना क्षेत्र के मैदीकला गांव निवासी 65 वर्षीय कृष्णा प्रसाद चौरसिया हैं। जख्मी में उनकी 60 वर्षीया पत्नी उषा देवी, 40 वर्षीया बेटी सविता देवी, 14 साल का नातील आनंदत कुमार और ई-रिक्शा चालक जय हिंद यादव शामिल हैं।
थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि इलाके के फुटेज से वाहन की पहचान कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
घटना नं. 3
एक साथ निकली दादा-पोता की अर्थी
वेना थाना क्षेत्र के डेंटल कॉलेज के पास गुरुवार को इंजन चालित ठेला और बाइक की टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। दादा की मौत के बाद बच्चा, अपने माता-पिता के साथ बबूरबन्ना लौट रहा था। उसी दौरान हादसा हुआ। मृतक बबूरबन्ना निवासी अमित कुमार का पुत्र अर्णव कुमार है।
जख्मी लोगों में उसके पिता, आरक्षी मां शिल्पी देवी, बहन अनोखी कुमारी शामिल हैं। वेना थाना की पुलिस जख्मी परिवार को अस्पताल लाई। जहां डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। दो सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। एक साथ दादा-पोता की घर से अर्थियां निकली।
वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बातया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले करदिया गया। अग्रेतर कार्रवाई जारी है।
घटना नं. 4
बालू लाने जा रहे ट्रक चालक की मौत
चंडी थाना क्षेत्र के भीमसेन बिगहा निवासी 25 वर्षीय मुन्ना कुमार की पिपरा थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में बुधवार की रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मौत की खबर मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पिता मदन राम ने बताया कि मुन्ना कुमार चंडी से बालू लाने के लिए अरवल सोन की ओर जा रहा था। उसी दौरान डुमरी गांव के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे से उसकी ट्रक जा टकराई। जिससे उसकी मौत हो गई।

