• October 26, 2026 10:27 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – पटना में हुए सड़क हादसे में नालंदा के पिता-पुत्र की मौत, गांव में पसरा मातम

ByReporter Pranay Raj

Oct 26, 2026

राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट – 

बिहारशरीफ। पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में धोवा पुल के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में नालंदा के पिता-पुत्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के राणा बीघा गांव निवासी 55 वर्षीय अरविंद कुमार और उनके 30 वर्षीय इकलौते पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बेटे का इलाज कराकर घर लौट रहे थे पिता-पुत्र

परिजनों के अनुसार, अरविंद कुमार अपने बेटे सोनू कुमार का इलाज कराने बाइक से पटना गए थे। डॉक्टर से दिखाने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान धोवा पुल के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर फतुहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पिता-पुत्र की एक साथ मौत से राणा बीघा गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों के अनुसार, अरविंद कुमार के परिवार में दो बेटियां और एक ही बेटा सोनू था। इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। पिता और इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से घर में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।