• October 16, 2026 10:19 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – सिपाही हत्याकांड: महिला दारोगा संग सात गिरफ्तार, जाने कारनामा …

ByReporter Pranay Raj

Oct 16, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

पावापुरी के दौलाचक के पास एक्साइज सिपाही अजीत कुमार की हत्या का खुलासा एसआईटी ने कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि गोली शराब तस्कर ने नहीं, बल्कि धावा दल में शामिल होमगार्ड रिशु कुमार ने चलाई थी। एसपी हृदय कांत ने बताया कि गोली स्कॉर्पियो के पिछले शीशे को भेदते हुए चालक की सीट के बगल में बैठे सिपाही अजीत के सिर में लगी। जिससे मौके पर ही गंभीर जख्मी होने के बाद उनकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि राजगीर की उत्पाद दारोगा पुष्पा कुमारी के आदेश पर होमगार्ड रिशु ने साथी की राइफल लेकर तीन राउंड फायरिंग की थी। दो राउंड मिसफायर हुए, तीसरी गोली सिपाही को जा लगी। घटना बुधवार रात पावापुरी पुल के पास हुई थी, जब टीम झारखंड से आ रही शराब लदी पिकअप का पीछा कर रही थी।

हैरानी की बात है कि घटना के बाद अधिकारियों को गुमराह किया गया। महिला दारोगा ने बताया था कि रेकी कर रहे तस्करों की गोली से मौत हुई है। सिपाही की मौत की सूचना एसपी से भी छिपाई गई। शक होने पर एसपी ने एसडीपीओ राजगीर संजीत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एसआईटी गठित की, तब सच्चाई सामने आई।

पुलिस ने राजगीर की उत्पाद दारोगा पुष्पा कुमारी, उत्पाद सिपाही अनूप कुमार, होमगार्ड रिशु, दीनानाथ, सन्नी, निजी चालक गौरव उर्फ निशांत और शंकर कुमार को गिरफ्तार किया है। स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है, जो निजी बताई जा रही है। कांड में एसआईटी की जांच जारी है।

 

एसआईटी में राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता, गिरियक इंस्पेक्टर सुमंत कुमार, गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार, इंस्पेक्टर आलोक कुमार व चंदन कुमार, सरमेरा थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद, कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव सिंह शामिल हैं।