राहुल रंजन की रिपोर्ट
पटना के बाद अब नालंदा में नर्सिंग छात्रों का हंगामा सामने आया है। सिलाव प्रखंड के भुई रोड स्थित सिकंदरा गांव में संचालित एसए इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में मंगलवार को सत्र 2023-27 और 2024-28 के करीब 120 छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर बवाल काटा।
छात्रों का सीधा आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने परीक्षा में सेंटर मैनेज करने के नाम पर शुल्क के अलावा प्रति छात्र डेढ़ से दो लाख रुपये वसूले, लेकिन सेंटर मैनेज नहीं हुआ। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में छात्र फेल हो गए। इसी से नाराज छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया।
छात्रों ने बताया कि तीन दिन पहले भी थानाध्यक्ष की मौजूदगी में प्रबंधन से बात हुई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को छात्रों ने बीडीओ और सीओ को आवेदन देकर कॉलेज निदेशक को बुलाने की मांग की। इसके बाद कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ।
छात्रों की मांग है कि बस सुविधा दी जाए, योग्य फैकल्टी से पढ़ाई कराई जाए, क्लिनिकल और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पूरी कराई जाए और सेंटर मैनेज के नाम पर ली गई राशि वापस की जाए।
सूचना पर बीडीओ, थानाध्यक्ष और कॉलेज निदेशक मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रबंधन ने छात्रों की मांगें मानने का आश्वासन दिया, तब जाकर हंगामा शांत हुआ। वहीं निदेशक ने सेंटर मैनेज के नाम पर पैसे लेने के आरोप को गलत बताया।

