राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट –
दीपनगर थाना क्षेत्र के बिजवनपर गांव के समीप शुक्रवार की रात डॉक्टर दंपती के नवनिर्मित मकान को बदमाशों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना डॉ. पंकज कुमार और उनकी पत्नी डॉ. रिंकू कुमारी सिंह के घर में हुई। दोनों दिल्ली एमसीडी में मेडिकल ऑफिसर हैं।
छठ के बाद दोनों दिल्ली लौट गए थे। उनका जेवर घर में ही रखा था। शनिवार सुबह घटना का खुलासा हुआ। महिला डॉक्टर के बहन के पुत्र अभिषेक कुमार जब मौसी के घर पहुंचे, तो ताला टूटा मिला। अंदर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। बदमाशों ने सभी कमरों का ताला, स्टोरवेल तोड़ डाला।
चोर सोने-चांदी के जेवर, 25 हजार नगदी और अन्य कीमती सामान ले गया। जिसकी अनुमानित कीमत लाखों में बताई जा रही है। पहचान छिपाने के लिए बदमाश सीसीटीवी कैमरा और उसका डीवीआर भी ले गए। ऊपरी तल्ले पर निर्माण कार्य चल रहा था। शुक्रवार की शाम मजदूर काम खत्म कर लौटे थे, इसके बाद घर में ताला लगाया गया था। अभिषेक कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में जुट गई है।

