राज की रिपोर्ट –
राजगीर महोत्सव के अंतिम दिन सांस्कृतिक मंच पर गायिका ऋचा भट्टाचार्य ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनकी एक से बढ़कर एक लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति पर पूरा सांस्कृतिक पंडाल तालियों से गूंज उठा। ऋचा ने अपनी गायकी से महोत्सव की आखिरी शाम को यादगार बना दिया।
उन्होंने ‘माही वे’ और ‘आओ ना गले लगा लो ना’ जैसे लोकप्रिय गीतों से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद ‘चुराके दिल मेरा गोरिया चली’, ‘आज की रात मजा हुस्न का आंखों से लीजिए’ और ‘ये काली-काली आंखें, ये गोरे-गोरे गाल’ जैसे सदाबहार फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। वहीं, ‘मैंने होंठों से लगाई तो हंगामा हो गया’ गीत पर भी दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
एक के बाद एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से सांस्कृतिक पंडाल में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। दर्शक गीतों के साथ झूमते नजर आए और तालियों से गायिका का उत्साह बढ़ाते रहे। ऋचा भट्टाचार्य की शानदार प्रस्तुति ने राजगीर महोत्सव के अंतिम दिन की सांस्कृतिक शाम में चार चांद लगा दिए।

