राहुल रंजन की रिपोर्ट –
मंगलवार को पुलिस लाइन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एसपी हृदय कांत अचानक निरीक्षण पर पहुंच गए। नव नियुक्त प्रशिक्षु सिपाहियों का प्रशिक्षण चल रहा था। एसपी को देखते ही सब अलर्ट हो गए ।एसपी ने सबसे पहले प्रशिक्षु सिपाहियों के टर्नआउट की जांच की। वर्दी कैसी है, पहनावा सही है या नहीं, साफ-सफाई कैसी है और अनुशासन में कोई कमी तो नहीं… एक-एक चीज को बारीकी से देखा।
जहां कमी दिखी, वहां मौके पर ही टोका और सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सीधे मेस पहुंच गए। वहां प्रशिक्षु सिपाहियों को मिलने वाले भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। खाना कैसा मिलता है, साफ-सफाई कैसी है, इसका भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने प्रशिक्षण की प्रगति के बारे में संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस बल में अनुशासन और कार्यकुशलता का सबसे ज्यादा महत्व है। इसलिए प्रशिक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
एसपी ने प्रशिक्षु सिपाहियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने का निर्देश दिया। साथ ही बेहतर प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इस मौके पर मेजर राजमणि समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

