राहुल रंजन की रिपोर्ट –
डेढ़ साल से पुलिस को चकमा दे रहा आर्म्स एक्ट का अप्राथमिकी अभियुक्त बाबर मलिक आखिरकार शादी के जश्न में ही फंस गया। सोमवार रात वो लहेरी थाना क्षेत्र के एक होटल में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था। उसे क्या पता था, पुलिस पहले से ही उसका इंतजार कर रही है। नगर और लहेरी थाना पुलिस ने होटल की घेराबंदी कर बैगनाबाद निवासी आमिर सुहेल उर्फ बाबर मलिक को दबोच लिया।
वह नगर थाना कांड संख्या 315/25 में अप्राथमिकी अभियुक्त था। आरोपी पूर्व वार्ड पार्षद पति है। उसके खिलाफ नगर व लहेरी थाना में हत्या समेत कुल सात केस दर्ज हैं।
28 मई 2025 को पुलिस ने बाबर के भाई अखलाकुर रहमान उर्फ अकबर मलिक के घर छापा मारा था। वहां से मेड इन ताइवान पिस्टल, राइफल, एयरगन समेत हथियारों का जखीरा और 196 कारतूस बरामद हुए थे। जांच में बाबर का नाम भी सामने आया। छापेमारी के दौरान बाबर के दबंग होने के कारण लोग गवाह बनने से डर रहे थे। तब पुलिस ने जवान को ही गवाह बनाया था। आरोपी पूर्व में जदयू का सक्रिय नेता भी रहा है।
एसपी हृदय कांत ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली कि बाबर होटल में शादी में है। इसके बाद संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि बाबर अपने भाई के साथ हथियार तस्करी में शामिल था।

