राज की रिपोर्ट –
परलपुर थाना इलाके में फिरौती के लिए अपहरण का मामला साइबर फ्रॉड गैंग के आपसी विवाद से जुड़ा निकला। परवलपुर पुलिस ने 14 घंटे में युवक को पटना से बरामद कर दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
हिलसा डीएसपी-2 रामदुलार सिंह ने बताया कि 26 अगस्त को दादुपुर निवासी पूनम देवी ने पति छोटू कुमार के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अज्ञात कॉलर ने पटना में बंधक बनाकर 95 हजार रुपये फिरौती मांगी थी। थानाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में टीम ने फिरौती वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। लोकेशन के आधार पर छापेमारी कर छोटू को मुक्त कराया गया। मौके से बिहटा के सिकंदरपुर निवासी शशि शेखर उर्फ सिंटू और रामनगर निवासी दीपू कुमार गिरफ्तार हुए। स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल बरामद हुए।
डीएसपी ने बताया कि छोटू खुद अपने साथियों के साथ साइबर ठगी करता था। ठगी की रकम के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ तो साथियों ने ही उसे बंधक बना लिया। पुलिस अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

