राहुल रंजन की रिपोर्ट
चंडी प्रखंड के बढ़ौना गांव की ललिता देवी के लिए सुधा बिक्री केंद्र की चाबी रोजगार के साथ आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद लेकर आई है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पटना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने उन्हें सुधा बिक्री केंद्र की चाबी सौंपी।
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय प्रसाद पासवान ने बताया कि योजना की दूसरी और तीसरी किस्त के तहत जिले की 225 जीविका दीदियों को सुधा बिक्री केंद्र खोलने के लिए 60-60 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। इससे महिलाएं दूध, दही, पनीर, घी, मिठाई समेत अन्य दुग्ध उत्पाद बेचकर नियमित आमदनी कर सकेंगी।
योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। जीविका की ओर से महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन और सहयोग भी दिया जा रहा है।
ललिता देवी ने कहा कि केंद्र की चाबी मिलने से अपना रोजगार शुरू करने का अवसर मिला है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के साथ उन्हें खुद आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

