राहुल रंजन की रिपोर्ट
पावापुरी सहायक थाना क्षेत्र के घोसरावां गांव में बुधवार की रात ई-रिक्शा चार्ज करने के दौरान युवक की करंट से मौत हो गई। मृतक मनीष सिंह के 27 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार हैं। घटना के बाद गांव परिवार की चीत्कार गूंजने लगी।
ग्रामीणों ने बताया कि युवक ई-रिक्शा की चार्जिंग के लिए प्वाइंट तैयार कर रहा था। उसी दौरान अचानक बिजली के संपर्क में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज ले गये। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जख्मी बुजुर्ग की मौत
दीपनगर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के समीप बुधवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से टोटो सवार दो लोग जख्मी हो गए। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी 62 वर्षीय बुजुर्ग की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान महानंदपुर गांव निवासी स्व. तेज पासवान के पुत्र शिवबालक पासवान के रूप में हुई है। हादसे में उनके साथ रहे पवन शर्मा भी जख्मी हुए हैं।
परिवार ने बतायाक बुजुर्ग बाजार समिति में मजदूरी का काम करते थे। सुबह वह काम के सिलसिले में बाजार समिति जा रहे थे। उसी दौरान पुलिस लाइन के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टोटो में टक्कर मार दी। दुर्घटना में टोटो पर सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शिव बालक पासवान की मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। अग्रेतर कार्रवाई जारी है।
युवक का सिर हुआ धड़ से अलग
इसी तरह एकंगरसराय में हिलसा-एकंगरसराय रेलखंड पर गुरुवार को पैसेंजर ट्रेन से कटकर 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों की मानें तो ट्रेन के नजदीक आने पर युवक पटरी पर लेट गया। जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर उसकी जान चली गई।
घटना के बाद ट्रैक पर शव पड़े रहने से करीब डेढ़ घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा। घटना को खुदकुशी बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर फतुहा से जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान जित्तन बिगहा गांव निवासी मनोज कुमार चौधरी के रूप में हुई है।

