राहुल रंजन की रिपोर्ट –
एकंगरसराय थाना क्षेत्र के तारापुर गांव के पास रविवार की शाम बदमाशों ने अमनारखास पंचायत के पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक जगाई गांव निवासी गनौरी बिन्द के 45 वर्षीय पुत्र थे। हालांकि, पुलिस अभी हत्या के कारणों की जांच कर रही है ।
परिजनों के अनुसार, श्याम प्रसाद निजी अस्पताल में ड्यूटी खत्म करने के बाद रविवार की शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तारापुर गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली काफी नजदीक से मारी गई। गले में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में दर्जनों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हत्या से आक्रोशित लोगों ने शव को एकंगरसराय चौक के पास रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजन हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
जाम की सूचना मिलने पर हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाया और हत्यारों की पहचान कर कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी समझाने के बाद ग्रामीण जाम हटाने के लिए तैयार हुए।
हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस चुनावी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

