राज की रिपोर्ट
बिहार थाना पुलिस ने धनेश्वर घाट मोहल्ले से तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक टैब, कई मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।आरोपी महंगी कारों, आईफोन और लग्जरी जीवनशैली का शौकीन था।
थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि गिरफ्तार गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र, गुजरात समेत देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी के 200 से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह भोले-भाले लोगों को ‘श्री स्वामी समर्थ फाइनेंस कंपनी’ के नाम पर सस्ता लोन दिलाने का झांसा देता था। पहले प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 999 रुपये ऑनलाइन जमा कराए जाते थे। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य अलग-अलग तरीकों से पीड़ितों से और रकम ठगते थे।
गिरोह का एक सदस्य ठगी के रुपये विभिन्न बैंक खातों में मंगवाकर एटीएम से निकालता था। वह 15 प्रतिशत कमीशन रखता और शेष राशि मुख्य सरगना तक पहुंचाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के तिउरी गांव निवासी कौशल कुमार, गिरियक थाना क्षेत्र के महिला गांव निवासी श्यामलाल कुमार और विक्रम कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष के अनुसार तीनों एटीएम से रुपये निकालने के बाद पास की चाय दुकान पर बैठे थे। पहले से निगरानी कर रही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पुलिस बरामद मोबाइल, टैबलेट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करेगी।

