राहुल रंजन की रिपोर्ट
नालंदा थाना पुलिस ने एटीएम मशीन में फेवीक्विक से स्टील प्लेट लगाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। बीते 25 जून को मोहनपुर स्थित केनरा बैंक एटीएम से चुन्नू कुमार ने 3500 रुपये निकाले। खाते से पैसे कट गए पर मशीन से नहीं निकले। शिकायत के बाद पुलिस ने जाल बिछाया।26 जून की शाम 7 बजे दो युवक फिर उसी एटीएम पहुंचे। एक युवक अंदर स्टील प्लेट लगाने गया, दूसरा बाहर रखवाली कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर बैंक प्रबंधक की मदद से नवादा निवासी राहुल कुमार को रंगेहाथ पकड़ लिया, दूसरा फरार हो गया। उसे 3 घंटे में निरुद्ध कर लिया गया।
बदमाशों के पास से 1400 रुपये नगद, स्टील प्लेट और 2 मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने बताया कि फेविक्विक से स्टील प्लेट को नोट निकलने की जगह चिपका देते थे। ग्राहक का पैसा प्लेट में फंस जाता और खाते से कट भी जाता। ग्राहक के जाते ही प्लेट हटाकर पैसा निकाल लेते थे। दोनों बिहारशरीफ, राजगीर, नालंदा और पटना में दर्जनों वारदात कर चुके हैं।

