राहुल रंजन की रिपोर्ट
नालंदा थाना अंतर्गत कपटिया मोड़ के समीप स्थित आईपीएस अकादमी के परिसर में खड़ी बस को एक किशोर ने रविवार को फूंक दिया। आग लगने से बस धू-धू कर जलने लगी। मौके पर पहुंची अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस खाक हो चुकी थी। बदमाश की हरकत स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एक किशोर ने घटना को अंजाम दिया। बोतल में वह पेट्रोल लेकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ था।
स्कूल संचालक रोहित कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि स्कूल परिसर में आग लग गई है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस व अग्निशमन को दिया। अग्निशमन की टीम आग पर काबू पाई। पास खड़े अन्य वाहन समय रहते बचा लिए गए। फुटेज में दिखा कि एक किशोर हाथ में ज्वलनशील पदार्थ की बोतल लेकर परिसर में दाखिल हुआ। पहले उसने स्कूल कार्यालय के गेट में आग लगाने की कोशिश की। असफल होने पर बस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी और फरार हो गया।
नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है। फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

