• February 25, 2026 11:42 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – चार गोलियां मार गिरा दी अधेड़ की लाश, हत्या के प्रतिशोध में वारदात

ByReporter Pranay Raj

Feb 17, 2024

राज – 7903735887 

चेरो ओपी क्षेत्र के खरूआरा गांव में शनिवार को बदमाशों ने चार गोलियां मार व चाकू घोंपकर अधेड़ को मौत के घाट उतार दिया। मृतक खरुआरा गांव निवासी विश्वनाथ यादव के 50 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार हैं। घटना का कारण पूर्व में हुई हत्या का प्रतिशोध बताया जा रहा है।
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में कर, उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाई।

छोटा भाई नीतीश यादव ने बताया कि राजेश और दो भतीजे के साथ वह बाजार से कपड़ा खरीद कर घर लौट रहे थे। शादी में न्योता देने के लिए कपड़ा खरीदा था। उसी दौरान भोनू यादव और उसका पुत्र लल्लू समेत 9 बदमाशों ने घेर लिया और गोलीबारी करने लगा। वह किसी तरह भाग कर जान बचाने में सफल हुए। वहीं बदमाशों ने बड़े भाई को गोलियों से छलनी कर दिया। सिर के पीछे व पीठ-पेट में चार गोलियां लगने से उनके भाई की मौके पर मौत हो गई।

वर्ष 2019 में शंकर यादव की हत्या हुई थी। जिसमें उनलोगों को आरोपित किया गया था। अंदेशा है कि उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस आरोपियों का साथ दे रही है। सभी आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं।
मृतक खेती-बाड़ी का काम करते थे। उन्हें आठ बेटियां हैं। जिनमें पांच की शादी हो चुकी है। वहीं, ग्रामीणों में चर्चा है कि दोनों पक्षों से गोलीबारी की गई।

ओपी प्रभारी मिथिलेश कुमार पंडित ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। लिखित आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।