• November 20, 2025 6:46 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – प्रचंड हिट वेब ले रहा जान, पुलिस पदाधिकारी समेत आधा दर्जन से अधिक मौत…

ByReporter Pranay Raj

Jun 19, 2023

राज – 7903735887 

इन दिन आसमां आग उगल रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान जिले में पुलिस पदाधिकारी समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान चली गई। राजगीर के झुनकिया बाबा मंदिर के समीप निर्माणाधीन जलमीनार परिसर में तैनात एसबीएस गार्ड की सोमवार को लू से मौत हो गई। मृतक औरंगाबाद के जमौर गांव निवासी 55 वर्षीय राणा सिंह हैं।

इसी तरह राजगीर थाना पुलिस ने मेला मैदान के समीप से एक अज्ञात बुजुर्ग भिखारी शव बरामद किया। थानाध्यक्ष मो. मुश्ताक अहमद ने बताया कि शव देखने से प्रतीत होता है कि बुजुर्ग की मौत लू से हुई है। वहीं, छबिलापुर थाना पुलिस लोदीपुर गांव के समीप बड़का आहर से रविवार की देर शाम अज्ञात 70 वर्षीय बुजुर्ग की लाश बरामद की। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि शव देखने से लू से मौत होना प्रतीत होता है।
उधर, गिरियक थाना क्षेत्र के घोसरावा गांव में सोमवार को लू से अधेड़ की मौत हो गई। मृतक रामदेव सिंह के 54 वर्षीय पुत्र अजय सिंह हैं। देर शाम तक परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।

इसी तरह कतरीसराय थाना में तैनात एएसआई सुभाष यादव की सोमवार को लू से मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर पदाधिकारी को इलाज के लिए विम्स में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पदाधिकारी की मौत से महकमा में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सह राजगीर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मो. मुश्ताक अहमद ने संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि पदाधिकारी की मौत हिट वेब से हुई है। पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।

उधर, इसलामपुर-नटेशर रेल खंड पर काम करने के दौरान सोमवार को लू से कर्मी की मौत हो गई। मृतक यूपी के वाराणसी निवासी रामप्यारे लाल हैं। स्टेशन मास्टर अनिल शर्मा ने बताया कि कर्मी को पटना से बुलाया गया था। रेल खंड पर काम करने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहकर्मी उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। उसी दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सा प्रभारी डॉ. बाल्मिकी प्रसाद ने बताया कि लू से मौत होना प्रतीत हो रहा है। इसी तरह हरनौत में भी लू से मौत होने की सूचना है।