• November 20, 2025 7:52 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – बाइक सवार किशोर की गोलियों से छलनी कर हत्या, जानें वारदात…

ByReporter Pranay Raj

Aug 23, 2021

राज – 7903735887 

इसलामपुर थाना अंतर्गत् अमरुदिया बिगहा गांव के पास सोमवार को बदमाशों ने बाइक सवार किशोर की गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी। किशोर को चार गोलियां मारी गई। घटना को अंजाम दे, एक बाइक पर सवार 2 बदमाश फरार हो गया। दिन के उजाले में हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने गया-इसलामपुर मार्ग पर शव को रख, आगजनी करते हुए जाम लगा दिया। आक्रोशित लोग हत्यारों की गिरफ्तारी व मुआवजा की मांग कर रहे थे।

मृतक गोपालगंज गांव निवासी रंजीत कुमार उर्फ मुन्ना यादव का 17 वर्षीय पुत्र राजवीर कुमार है। घटना की सूचना पाकर डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद दलबल के साथ मौके पर आ गए।

घटनास्थल से खोखा और कारतूस बरामद हुआ। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीण क्रिकेट खेलने के विवाद में घटना की चर्चा कर रहे हैं। पड़ोसी निवास नामक युवक सुबह में राजवीर को घर से बुला, अपने साथ ले गया था। घंटों बाद परिवार को हत्या की सूचना मिली। घटना के समय राजवीर के एक साथ एक अन्य युवक भी बाइक पर सवार था। पुलिस चश्मदीद से पूछताछ कर रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार का चेक परिजन को उपलब्ध कराया। तब करीब पांच घंटे बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।

राजवीर माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें है। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन की चीत्कार गांव में गूज रही थी। मृतक बीए पार्ट वन में पढ़ाई कर रहा था।

थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस जांच में जुटी है। चश्मदीद से पूछताछ की जा रही है। मौके से खोखा-कारतूस बरामद हुआ। पुलिस जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर लेगी।