• July 31, 2026 11:45 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – बिहार दिवस के अवसर पर कई लोगों को किया गया सम्मानित ….

ByReporter Pranay Raj

Mar 22, 2022

रोहित – 7903735887 

बिहार दिवस के अवसर पर आज स्थानीय श्रम कल्याण मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विकास मेला का आयोजन किया गया। साथ ही एक संक्षिप्त सांस्कृतिक समारोह का भी आयोजन किया गया जिसमें जिला में सराहनीय कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर एसएस बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं द्वारा बिहार गीत तथा बिहार गौरव गान की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। बिहार गीत के अवसर पर सभी पदाधिकारी एवं उपस्थित लोगों ने खड़े होकर अपना सम्मान प्रकट किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने सभी जिला वासियों को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पदाधिकारियों/कर्मियों को सम्मानित करने के संदर्भ में कहा कि कई पदाधिकारी, कर्मी, चतुर्थवर्गीय कर्मी, सफाई कर्मचारी आदि चुपचाप अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करते हैं। जिसकी कोई पब्लिसिटी नहीं की जाती। परंतु इस बिहार दिवस के अवसर पर उनके कर्तव्य को सराहते हुए जिला प्रशासन की तरफ से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा है कि यह सूची आगे और भी लंबी होती जाय तथा अन्य पदाधिकारियों/कर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।

विकास मेला में विभिन्न 27 विभागों/कार्यालयों द्वारा कुल 30 स्टॉल लगाया गया। इस माध्यम से विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं तथा अनेक प्रकार के उत्पादों के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क हेल्थ चेकअप शिविर भी लगाया गया। जिलाधिकारी ने अन्य पदाधिकारियों के साथ सभी स्टॉल का भ्रमण किया।

परिवर्तन नाट्य कला दल के कलाकारों द्वारा जल जीवन हरियाली थीम पर आधारित गीत एवं नुक्कड़ नाटक की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं अन्य पदाधिकारी,कर्मी,आमलोग मौजूद थे।