राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट –
रहुई थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए रहुई बाजार स्थित एक डेयरी एवं किराना स्टोर में छापेमारी कर 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मौके से पुलिस ने दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया। दुकान से 53,300 रुपये नकद, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक मोटरसाइकिल और दो स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जगतनंदनपुर गांव निवासी मनोज कुमार और हर्ष रंजन कुमार के रूप में हुई है।थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रहुई बाजार स्थित किराना स्टोर में किराना सामान की आड़ में गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर छापेमारी टीम का गठन कर दुकान में छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
मनोज पर पहले से दर्ज हैं तीन मामले :
गिरफ्तार मनोज कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रहुई थाने में पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इसमें वर्ष 2024 में मारपीट और जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। वहीं वर्ष 2025 में मारपीट एवं अन्य आरोपों से जुड़ा दूसरा मामला तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम के तहत तीसरा मामला दर्ज है।
वहीं दूसरे आरोपित हर्षरंजन कुमार का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।छापेमारी दल में दारोगा संतोष कुमार सुमन, उपेंद्र कुमार राम, उपेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
अस्थावां थाना की कार्रवाई :
इसी तरह अस्थावां थाना पुलिस ने गोबर बिगहा मोड़ के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से 25 पुड़िया ब्राउन शुगर और 108100 नगदी बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्करों में अस्थावां निवासी लवकुश कुमार, राजीव रंजन राज और रॉबिन कुमार शामिल है।
थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर छापेमारी की गई। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधर पर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।

