राज की रिपोर्ट
बिहारशरीफ के श्रम कल्याण केंद्र मैदान में डेढ़ माह तक चलने वाले डिज्नीलैंड मेले की मंगलवार से शुरू हो गया । इस बार लोगों को लंदन सिटी की झलक देखने को मिलेगी। मेले की पूरी सजावट और प्रवेश द्वार को लंदन थीम पर तैयार किया गया है, जिससे परिसर में प्रवेश करते ही लोगों को ऐसा अनुभव होगा मानो वे किसी विदेशी शहर की मनोरंजन नगरी में पहुंच गए हों। आकर्षक लाइटिंग, भव्य संरचनाएं और थीम आधारित सजावट मेले की खूबसूरती को चार चांद लगा रही हैं।
मेले का उद्घाटन जदयू की सचेतक एवं विधान पार्षद रीना यादव द्वारा किया गया । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में शाम की वक्त यह मेला शहरवासियों को मनोरंजन और परिवार के साथ खुशनुमा पल बिताने का अवसर प्रदान करेगा।
मेले के संचालक आशीष कुमार ने बताया कि हर वर्ष लोगों के लिए कुछ नया और आकर्षक प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। इसी कड़ी में इस बार मेले की थीम लंदन सिटी रखी गई है। उन्होंने बताया कि मेले में लगाया गया पंखा झूला लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा। इसके अलावा ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस झूला, टावर झूला, बच्चों के लिए मिनी राइड्स, मिक्की माउस ट्रेन तथा अन्य कई रोमांचक झूले भी लगाए गए हैं।
मनोरंजन के साथ-साथ खानपान और खरीदारी की भी व्यापक व्यवस्था की गई है। यहां राजस्थानी और बंगाली व्यंजनों के विशेष स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग विभिन्न पारंपरिक स्वादों का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा चाट, समोसा, फास्ट फूड, आइसक्रीम समेत कई तरह के खाद्य स्टॉल मौजूद हैं। मेले में फर्नीचर, खिलौने, सजावटी सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और हस्तशिल्प उत्पादों की दुकानें भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
रंग-बिरंगी रोशनी, थीम आधारित सजावट, रोमांचक झूलों और खरीदारी के विविध विकल्पों से सजा यह डिज्नीलैंड मेला बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

