• July 5, 2026 9:34 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – सड़क पर तड़प रहा था घायल युवक, सांसद ने बचाई जान…

ByReporter Pranay Raj

Jul 5, 2026

राज की रिपोर्ट 

दीपनगर थाना क्षेत्र के गोलापर गांव के समीप रविवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी। जख्मी को अस्पताल पहुंचाने के बजाय जख्मी वीडियो बना रहे थे। उसी दौरान एकंगरसराय से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे सांसद कौशलेंद्र कुमार की नजर सड़क किनारे लगी भीड़ पर पड़ी। उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाकर घटना की जानकारी ली। जब पता चला कि सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, तो उन्होंने बिना देर किए अपने अंगरक्षक की मदद से युवक को अपनी गाड़ी में बिठाकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया। जख्मी युवक मघड़ा खारजम्मा गांव निवासी सूरज कुमार है ।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जख्मी को प्राथमिक उपचार किया। युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी। जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए जख्मी को पटना रेफर करदिया गया।

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। समय पर अस्पताल पहुंचाने से किसी की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हादसे के बाद तमाशबीन बनने के बजाय घायल को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करें। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया गया है।