राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट :
जिले के अलग-अलग थाना इलाके में दो दिनों के दौरान तीन अगलगी की घटना हुई। जिसमें लाखों की संपत्ति का नुकसान हो गया। लहेरी थाना क्षेत्र के कटरापर मोहल्ले में रविवार देर रात झोपड़ीनुमा छह दुकानों में एक साथ भीषण आग लग गई। चार दमकल वाहनों की मदद से अग्निशमन कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी में 50 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
दुकानों में छठ पर्व के लिए चीनी के सांचे, मिठाइयां और बताशे बनाने का काम चल रहा था। छठ के मौके पर इनकी दूसरे जिलों तक मांग रहती है। पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने बड़ी मात्रा में चीनी और तैयार मिठाइयों का स्टॉक जमा कर रखा था। दिनभर काम करने के बाद रविवार की रात सभी कारीगर और कर्मी काम बंद कर सोने चले गए थे। इसी दौरान रात करीब 2 बजे एक दुकान में आग लग गई। घटना में दुकानों में रखी 200 बोरियों से अधिक चीनी, तैयार सांचे, बताशे, बैटरी, इन्वर्टर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए। दुकानदारों ने नुकसान का आकलन 50 लाख रुपए से अधिक बताया है।
अगलगी के बाद दुकानदार राजकुमार, हरि प्रसाद, संतोष कुमार, उमरी स्वर्णकार और अमित कुमार का रो-रोकर बुरा हाल था। सभी कलेजा पीट रहे हैं। घटना के कारणों पर सस्पेंस बना है। कोई कचरा की चिंगारी तो कोई बदमाशों द्वारा आग लगाने की बात कह रहा है। अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
सिलाई मशीन की दुकान लगी आग
इसी तरह लहेरी थाना अंतर्गत मघड़ा मार्केट के समीप स्थित श्री लक्ष्मी सिलाई मशीन की दुकान में रविवार की रात आग लग गई। घटना में लाखों की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है। संचालक बच्चू सिंह ने बताया कि दुकान बंद थी। उसी दौरान धुआं और आग की लपटें अंदर से निकलने लगी। सूचना पाकर पहुंची अग्निशमन की तीन वाहनों ने पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। अंदेशा है कि दिवाली की पूजा के दौरान जलाई गई अगरबत्ती से घटना हुई।
पटाखा की चिंगारी से गोदाम में लगी आग
सोहसराय थाना अंतर्गत मोगल कुआं में शनिवार की रात पटाखा की चिंगारी से मिश्रा टेंट हाउस के गोदाम में लग गई। घटना में बीस लाख की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है। अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पाया। लोगों की मानें तो बच्चा पटाखा जला रहे थे। जिसकी चिंगारी से घटना हुई।

