• November 3, 2026 10:03 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – सुभाष पार्क सुबह 7 बजे के बाद मुफ्त प्रवेश बंद होने से मॉर्निंग वॉक करने वाले शहरवासियों में आक्रोश …..

ByReporter Pranay Raj

Nov 3, 2026

राज की रिपोर्ट – 

बिहारशरीफ के सुभाष पार्क में ठंड की शुरुआत के साथ ही सुबह टहलने और योग करने वाले शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है। पार्क में सुबह मुफ्त प्रवेश का समय एक घंटे कम कर दिया गया है। पहले जहां सुबह 8 बजे तक लोगों को मुफ्त प्रवेश मिलता था, वहीं अब मंगलवार से सुबह 7 बजे के बाद ही मुफ्त प्रवेश बंद कर दिया गया। अचानक बदली व्यवस्था से नाराज लोगों ने पार्क के गेट पर ही अपनी आपत्ति जताई। शहरवासियों का कहना है कि ठंड में सुबह देर से उजाला होता है। ऐसे में लोग अंधेरे में घर से निकलना सुरक्षित नहीं समझते। जब तक वे पार्क पहुंचते हैं, तब तक मुफ्त प्रवेश का समय समाप्त हो जाता है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से ठंड के मौसम में सुबह 9 बजे तक मुफ्त प्रवेश देने की मांग की है।

बुजुर्गों से युवाओं तक रोज पहुंचते हैं सैकड़ों लोग

सुभाष पार्क शहर के उन प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है, जहां सुबह बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य लाभ के लिए पहुंचते हैं। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक की दिनचर्या में मॉर्निंग वॉक और योग शामिल है। कई लोग वर्षों से नियमित रूप से यहां आ रहे हैं। शहरवासी राकेश कुमार, सुजीत कुमार, नीरज कुमार, अच्युतानंद पांडेय और शिशुपाल कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि पार्क का उद्देश्य ही शहरवासियों को बेहतर वातावरण में टहलने, योग और व्यायाम की सुविधा देना है। ऐसे में ठंड के मौसम में मुफ्त प्रवेश की अवधि घटाने से नियमित रूप से आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।

सुरक्षा के कारण सूर्योदय के बाद निकलते हैं घर से

लोगों ने बताया कि इन दिनों सुबह करीब 6:15 बजे सूर्योदय होता है। सुबह अंधेरा और ठंड रहने के कारण लोग जल्दी घर से निकलने से बचते हैं। इसके अलावा शहर में पहले चेन स्नेचिंग और मोबाइल छिनतई की घटनाएं भी हो चुकी हैं। इस वजह से कई लोग उजाला होने के बाद ही घर से निकलना उचित समझते हैं। पार्क पहुंचने में भी समय लगता है। ऐसे में सुबह 7 बजे मुफ्त प्रवेश बंद होने से उन्हें टहलने और योग करने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है।

गर्मी और ठंड के लिए अलग-अलग हो समय

शहरवासियों का कहना है कि पार्क में प्रवेश की समय-सीमा तय करते समय मौसम का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। गर्मी में सूर्योदय जल्दी होता है, जबकि ठंड में देर से उजाला होता है। इसलिए दोनों मौसमों में एक जैसी व्यवस्था रखना व्यावहारिक नहीं है। लोगों ने सुबह 6 से 9 बजे तक मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे बुजुर्गों, महिलाओं और नौकरीपेशा लोगों को भी अपनी सुविधानुसार स्वास्थ्य लाभ लेने का मौका मिलेगा।

वरीय अधिकारियों को दी जाएगी जानकारी

इस संबंध में नालंदा वन प्रमंडल के रेंज ऑफिसर फॉरेस्ट (आरओएफ) सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि पार्क में विभागीय आदेश के अनुसार व्यवस्था लागू की गई है। शहरवासियों की ओर से मुफ्त प्रवेश का समय बढ़ाने की मांग की गई है। इस मांग से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। विभाग की ओर से समय में बदलाव का निर्णय लिया जाता है तो उसके अनुसार व्यवस्था की जाएगी।