• October 24, 2026 10:26 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – बदमाशों ने जेवर दुकानदार को गोली मार लूटे 12 लाख के गहने ……

ByReporter Pranay Raj

Oct 24, 2026

राज की रिपोर्ट – 

सारे थाना क्षेत्र के भैरो बिगहा गांव के पास शनिवार शाम बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से जेवर दुकानदार को गोली मारकर 50 ग्राम सोना लूट लिया। तीन बाइकों पर सवार आधा दर्जन हथियारबंद लुटेरे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जख्मी दुकानदार शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के फैजाबाद मोहल्ला निवासी सोनू कुमार हैं। गोली उनके कमर में लगी है।

परिजन उन्हें इलाज के लिए बरबीघा अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया।
जख्मी के चाचा रंजीत कुमार ने बताया कि सोनू अपने सगे भाई गोलू के साथ सारे के बेनार बाजार में सोने-चांदी की दुकान चलाता है। रोज की तरह शनिवार शाम दोनों भाई दुकान बंद कर बाइक से बरबीघा लौट रहे थे। भैरो बिगहा के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने दोनों को बीच सड़क पर रोक लिया।बदमाशों ने पहले सोने से भरा थैला छीनने की कोशिश की। दोनों भाइयों ने विरोध किया तो बदमाशों ने हथियार निकाल लिया और 50 ग्राम सोना लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने सोनू को करीब से गोली मार दी और तीन बाइकों पर सवार होकर भाग निकले।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों को पहले से पता था कि दोनों भाई हर दिन दुकान बंद कर इसी रास्ते से बरबीघा लौटते हैं, इसलिए आशंका है कि पूरी घटना रेकी कर अंजाम दी गई है।
सारे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।