• October 24, 2026 10:26 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – कोसुक में शव मिलने पर आगजनी कर हंगामा, स्कूल संचालक व शिक्षकों पर हत्या की प्राथमिकी…

ByReporter Pranay Raj

Oct 24, 2026

राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट – 

दीपनगर थाना क्षेत्र के कोसुक स्थित सनबीम सेंट्रल स्कूल के छात्रावास से लापता 8वीं के छात्र का शव शनिवार को पंचाने नदी से बरामद हुआ। शुक्रवार से छात्र लापता था। शव मिलते ही राजगीर-बिहारशरीफ मार्ग पर परिजनों और ग्रामीणों का हंगामा और तेज हो गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर जाम लगा दिए और त्वरित कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए मौके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। आधा दर्जन थानों की पुलिस भारी सुरक्षा बल के साथ तैनात रही।
मृतक पटना जिले के अथमलगोला थाना क्षेत्र के बुढ़रा गांव निवासी आलोक राज उर्फ आलोक पासवान के 13 वर्षीय पुत्र आनंद राज है। वह सनबीम सेंट्रल स्कूल में 8वीं कक्षा का छात्र था और छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था।

पिता ने बताया कि शुक्रवार को वह खुद बेटे को छात्रावास छोड़कर गए थे। कुछ घंटे बाद स्कूल संचालक धीरज कुमार ने फोन कर कहा कि बच्चा हॉस्टल से भाग गया है। थोड़ी देर बाद कहा गया कि वह नदी में डूब गया है। शुक्रवार शाम से ही परिजन स्कूल के समीप राजगीर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग जाम कर हंगामा कर रहे थे।
हंगामे के बाद स्कूल के सभी कर्मी-शिक्षक फरार हो गए, जबकि छात्रावास में करीब 40 से 45 बच्चे शुक्रवार से भूखे बंद थे। प्रशासन की पहल पर उन्हें भोजन उपलब्ध कराया गया। पिता के आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। दीपनगर थाना कांड संख्या 599/26 में संचालक धीरज कुमार, शिक्षक मदन मोहन प्रसाद, कौशल कुमार समेत अन्य कर्मियों को आरोपित किया गया है।

आरोप है कि बच्चे को छत से फेंककर या दूसरे स्थान पर ले जाकर हत्या कर शव गायब कर दिया गया। पिता ने सीओ को आवेदन देकर स्कूल के गैरमजरुआ जमीन पर बने होने का आरोप लगाया है। सीओ लखेंद्र कुमार ने बताया कि जांच शुरू करा दी गई है। छात्रावास के बच्चों ने बताया कि आनंद एक छात्रा को मैसेज किया था। जिस कारण उसे फटाकार लगाई गई थी। इसके बाद वह लापता हो गया।

थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि एक केयरटेकर को गिरफ्तार किया गया है। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव बरामद किया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पिता के आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं सड़क जाम और आगजनी को लेकर 7 नामजद और 100 अज्ञात लोगों पर अलग से केस दर्ज किया गया है।