राज की रिपोर्ट
तेलमर थाना क्षेत्र के बनगच्छा के पास रविवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 25 वर्षीय युवक को कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक तेलमर गांव का रौशन कुमार है, जो आरके डीजे के नाम से डेकोरेशन की दुकान चलाता था। वह दो बेटियों और 6 माह के बेटे का पिता था।
चाचा छोटे बिंद ने बताया कि चिरैयापर गांव में शादी में डेकोरेशन किया था। उसी का बकाया पैसा लेने गया था। लौटते वक्त ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को हाइवे पर रख दिया। टायर जलाकर आगजनी करते हुए हंगामा किया। जिससे टूरिस्ट-वे पर जाम लग गया। आक्रोशित पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे ट्रकों की अवैध पार्किंग से रोड संकरी हो जाती है, जिससे रोज हादसा होता है।
हंगामा की सूचना पर तेलमर, कल्याणबिगहा, चंडी, नगरनौसा, नूरसराय थाने की पुलिस पहुंची, पर लोग नहीं माने। वरीय अधिकारियों को बुलाने पर अड़े रहे। रात में बिहारशरीफ एसडीएम किसलय श्रीवास्तव और एसडीपीओ अमरनाथ मौके पर पहुंचे। मुआवजा और चालक की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद सुबह 4 बजे जाम हटा।
तेलमर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। ट्रक की पहचान कर उस पर केस दर्ज किया जाएगा।

