राहुल रंजन की रिपोर्ट –
जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। अलग-अलग कार्रवाई में ब्राउन शुगर तस्कर, वाहन चोर, शराब तस्कर और साइबर ठग समेत 10 लोगों को गिरफ्तार/निरुद्ध किया गया है।
नूरसराय में 49 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद
नूरसराय थाना पुलिस ने जगदीशपुर-तियारी गांव के पास छापेमारी कर 49 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक किशोर धंधेबाज को निरुद्ध किया। उसके पास से एक बाइक, 680 रुपये नकद और एक मोबाइल जब्त किया गया है।
नगरनौसा में चोरी की बाइक बरामद
नगरनौसा पुलिस ने भरावपर गांव में छापेमारी कर बिना नंबर की काले-नारंगी रंग की बाइक बरामद की। इस मामले में गणेश प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि दालान में चोरी की बाइक छिपाकर रखी गई थी।
शराब खेप बरामद
गिरियक पुलिस ने घोड़ा-कटोरा विष्णुपद मंदिर के पास पिकअप पर लदी 40.5 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। मौके से चार तस्करों – नवादा गोविंदपुर के सोनू कुमार, सागर कुमार, विशुनपुर के सन्नी कुमार और मुफस्सिल के शत्रुघ्न कुमार को गिरफ्तार किया गया है। एक बाइक भी जब्त हुई है।
लॉटरी के नाम पर ठगी, 3 गिरफ्तार
कतरीसराय थाना पुलिस ने गोवर्धन बिगहा गांव में छापेमारी कर लॉटरी में इनाम का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन साइबर फ्रॉड को पकड़ा। इसमें एक नाबालिग है। गिरफ्तार आरोपियों में पटना के बांसगढ़ निवासी शिवम कुमार और गोवर्धन बिगहा निवासी भोला कुमार शामिल हैं। इनके पास से 8 मोबाइल, 13 एटीएम कार्ड, 5 पासबुक, चेकबुक और डोंगल बरामद हुए हैं।छापेमारी टीम में अंचल इंस्पेक्टर सुमंत कुमार, थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी शामिल थे।

