राहुल रंजन की रिपोर्ट
एकंगरसराय थाना क्षेत्र में ट्रक और गोलगप्पा ठेले की टक्कर के बाद लापता हुए चालक को पुलिस ने 18 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। मामले में तकनीकी जांच, दबिश और डीआईयू-डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। शनिवार शाम करीब 7 बजे धुरगांव मोड़ के पास एक ट्रक ने गोलगप्पा विक्रेता के ठेले में टक्कर मार दी। हादसे में ठेला क्षतिग्रस्त हो गया। इसे लेकर चालक राजीव कुमार और ठेला विक्रेता में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि चालक को ट्रक से खींचकर सड़क पर पीटा गया। इसके बाद चालक अचानक लापता हो गया। चालक के गायब होने बाद परिजनों ने खूब हंगामा किया।
रविवार को महमदपुर गांव निवासी परिजनों ने लाठी-डंडा लेकर हंगामा किया और चालक की बरामदगी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी-1 अमरनाथ, डीएसपी-2 रंजन कुमार, नालंदा डीआईयू और डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। करीब 18 घंटे बाद चालक को बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार चालक अभी स्पष्ट रूप से कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। उसके बयान के बाद ही पता चल पाएगा कि वह किन परिस्थितियों में गायब हुआ। अभी तक किसी पक्ष ने लिखित आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

