• August 9, 2026 10:40 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – शुभम को बिहार टी-10 में चंपारण चैंपियंस में मिली जगह……

ByReporter Pranay Raj

Aug 9, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

नालंदा जिले के युवा क्रिकेटर शुभम कुमार ने बिहार टी-10 क्रिकेट लीग की नीलामी में बाजी मार ली है। चंपारण चैंपियंस ने 70 हजार रुपये की बोली लगाकर शुभम को अपनी टीम में शामिल किया है। उनके चयन से जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है।
दाएं हाथ के हरफनमौला शुभम ने चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा था। एक ओवर में 31 रन बनाकर उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया था। इसी प्रदर्शन के दम पर वह नीलामी सूची में जगह बनाने में सफल रहे। नीलामी के दौरान शुभम को खरीदने के लिए गया, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर की टीमों के बीच भी कड़ी टक्कर हुई। लेकिन अंत में चंपारण चैंपियंस ने सबसे ऊंची बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ लिया।
खास बात यह है कि शुभम इस लीग में खेलने वाले नालंदा के एकमात्र हरफनमौला खिलाड़ी होंगे। इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

यह बिहार की प्रमुख टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग के सहयोग से किया जा रहा है। हाल के वर्षों में नालंदा के युवा खिलाड़ी क्रिकेट में लगातार नाम कमा रहे हैं। शुभम का चयन भी उसी कड़ी में एक और सफलता है। जिले के कोच और खिलाड़ियों को उम्मीद है कि शुभम लीग में नालंदा का नाम रोशन करेंगे।