राहुल रंजन –
चैत्र नवरात्र के सप्तमी पर बुधवार को शहर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। पट खुलते ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के भरावपर, पुलपर, भैंसासुर, डाकबंगला मोड़, सोहसराय समेत विभिन्न इलाकों में स्थित मंदिरों और पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं।
श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए घंटों लाइन में खड़े होकर दर्शन का इंतजार करते नजर आएं। खासकर महिलाओं और युवाओं में पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालु व्रत रखकर माता की आराधना कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां रंग-बिरंगी लाइटें और भव्य सजावट लोगों को आकर्षित कर रही हैं। जगह-जगह भक्ति गीतों से माहौल और भी भक्तिमय हो गया है।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम शहर में दिख रहा है।

