राज - 7903735887
अवैध संबंध के शक में सनकी पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली यह घटना नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव की है। मृतका गंगाधर मांझी की पत्नी रंजू कुमारी है। परिजनों की माने तो बच्चा नहीं होने से पति नाराज था। घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के मोहीउद्दीनपुर गांव में शनिवार को हुई। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपित अक्सर पत्नी पर अवैध संबंध का भी आरोप लगाता था। महिला की भतीजी तुलसी कुमारी इस घटना की चश्मदीद गवाह है।
दोनों की शादी को 12 साल हो गये हैं। अभी तक बच्चा नहीं हुआ है। इससे गंगाधर नाराज रहता था। पति-पत्नी में अनबन के कारण महिला ज्यादातर समय अपने मायके दरियापुर गांव में ही रहती थी। शनिवार को गंगाधर अपनी पत्नी का विदा कराकर मोहीउद्दीनपुर ला रहा था। साथ में महिला की भतीजी तुलसी भी थी। तुलसी का कहना है कि वह मौसी और मौसा के साथ दरियापुर से मोहीउद्दीनपुर जा रही थी। गांव के पास रेलवे लाइन के निकट पहुंचते ही मौसा ने चाकू निकाला और मौसी पर ताबड़तोड़ हमला करने लगे। चाकू के वार से मौसी गिर गयी। उसने बचाने की कोशिश भी की। इस कोशिश में उसकी उंगली कट गयी। शोर सुनकर अन्य लोग जुटे तो पति भाग निकला। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गयी। तबतक महिला की मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष नारदमुनि सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। गंगाधर के खिलाफ एफआईआर की गयी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।