सूरज – 7903735887
एकंगरसराय थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव के पास बुधवार की देर शाम अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार हेडमास्टर की मौत हो गयी। मृतक तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के निशनपुरा गांव निवासी प्रवीण कुमार उर्फ राजीव हैं। वह जैतीपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक थे। उनकी मौत की खबर सुनते ही शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गयी। शोकसभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।
परिजनों ने बताया कि स्कूल बंद होने के बाद वह एकंगरसराय बीआरसी कार्यालय गये थे। वहां से एमडीएम के लिए बर्तन का उठाव किया था। उसके बाद बाइक से निशनपुरा जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। भागने के दौरान वाहन ने महाराजगंज गांव निवासी बबलू कुमार की पत्नी को धक्का मारकर जख्मी कर दिया। ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी शिक्षक को इलाज के लिए एकंगरसराय अस्पताल लाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी चार साल की एक पुत्री व एक पुत्र है।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।