राजा
बेन थाना क्षेत्र के भातु बिगहा गांव में शनिवार की रात बदमाशों ने पंचायती के लिए घर से बुलाकर युवक को गोली मार दी। इसके बाद घर पर अंधाधुंध फायरिंग करते हुए बाइक जला दिया। घर के लोगों ने छिपकर अपनी जान बचाई। धागा फैक्ट्री की जमीन पर कब्जा का विवाद दो पक्षों में चला आ रहा था। उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। सूचना पाकर पुलिस दलबल के साथ पहुंच गई। मौके से 8 खोखा व दो पिलेट पुलिस ने बरामद किया।
जख्मी 35 वर्षीय प्रिंस सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। गोली युवक की बांह में लगी है। ग्रामीणों की मानें तो बदमाशों ने एक दर्जन राउंड से अधिक फायरिंग की।
जख्मी के परिजन राजकुमार सिंह ने बताया कि रात करीब ढाई बजे कुछ लोग पंचायती के लिए प्रिंस को घर से बाहर बुलाकर ले गए। वे लोग प्रिंस को नीरज सिंह के पक्ष में बयान देने की बात कह रहे थे। जिससे प्रिंस ने इंकार कर दिया। तब आक्रोशित हो बदमाशों ने युवक को गोली मारकर अंधाधुंध फायरिंग करते हुए बाइक जला दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवनंदन सिंह के पुत्र संजीव कुमार सिंह उर्फ बबलू, लक्ष्मण सिंह की पत्नी खुशबू देवी और पटना जिला के अथमलगोला थाना क्षेत्र के चंदा गांव निवासी मुकेश सिंह के पुत्र सन्नी कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना के बाद वह मौके पर जांच को गए थे। धागा फैक्ट्री की जमीन पर कब्जा विवाद में गोलीबारी की गई। जिसमें एक युवक को गोली लगी है। बेन थानाध्यक्ष रविराज ने बताया कि फैक्ट्री की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में करार हुआ था। उसी विवाद में घटना हुई। अग्रेतर कार्रवाई जारी है।

