• February 24, 2026 10:37 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – बारातियों द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में 10 साल की बच्ची को लगी गोली , मचा हड़कंप

ByReporter Pranay Raj

Feb 21, 2026

राज  की रिपोर्ट 

चंडी थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में शुक्रवार की रात बारात के दौरान की गई हर्ष फायरिंग एक मासूम बच्ची के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। बारातियों द्वारा की गई फायरिंग में 10 वर्षीय शिवानी कुमारी गोली लगने से घायल हो गई।

परिजनों ने बताया पप्पू रविदास की बेटी की बारात गांव में आई थी। शादी समारोह के दौरान कुछ बाराती अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर रहे थे। उसी समय गांव की 10 साल की शिवानी कुमारी बारातियों का डांस देख रही थी। अचानक चली एक गोली उसके पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल बच्ची की मां सुग्गी देवी ने बताया कि बारात में शामिल एक युवक कट्टे से हवाई फायरिंग कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपित पक्ष की ओर से समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।

थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपित की पहचान की जा रही है।