• November 20, 2025 6:08 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – हथकड़ी से हाथ निकाल कैदी फरार, देखते रह गए चौकीदार…

ByReporter Pranay Raj

Dec 3, 2020

राज की रिपोर्ट – 7903735887 

नूरसराय थाने का एक कैदी गुरुवार को सदर अस्पताल से फरार हो गया। दो कैदियों को कोरोना जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। उसी दौरान एक बदमाश हथकड़ी से हाथ निकाल, ऑटो से छलांग मार फरार हो गया। बुजुर्ग चौकीदार अपने दो साथियों के साथ शोर मचाते रह गए। बुजुर्ग चौकीदारी को देख लग रहा था कि उन्हें खुद सुरक्षा की दरकार है।

घटना से पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया। एसपी निलेश कुमार, डीएसपी व कई थानाध्यक्ष सदर अस्पताल पहुंच गए। एसपी ने चश्मदीदों से पूछताछ के बाद फरार बदमाश पर केस दर्ज करने का निर्देश नगर थानाध्यक्ष को दिया। फरार बदमाश नूरसराय के साहासराय निवासी मो. इरफान है।

गुरुवार को नूरसराय पुलिस ने जानवर चोरी के आरोप में साहासराय निवासी मो. इरफान और अनधन्ना निवासी हिमांशु को गिरफ्तार की थी। न्यायालय के सुपुर्द करने के पहले कैदियों को कोरोना जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया। उसी दौरान मौका देख एक कैदी फरार हो गया। एसपी ने बताया कि फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। लापरवाही में शामिल कर्मी व पदाधिकारियों की पहचान कर जांचोपरांत कार्रवाई होगी।