• November 25, 2026 10:21 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – पूर्व विधायक के घर का टूटा ताला…नगदी-कारतूस की चोरी…

ByReporter Pranay Raj

Nov 25, 2026

राज की रिपोर्ट – 

हिलसा थाना इलाके में जहां एसडीओ, डीएसपी और जज रहते हैं, वहां भी अब चोर बेखौफ हैं। हिलसा के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में मंगलवार की रात चोरों ने राजद के मुख्य प्रवक्ता सह पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव के बंद घर को निशाना बना दिया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा, फिर एक-एक कर आठ कमरों को खंगाल डाला। घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नगदी, लाइसेंसी पिस्टल के 10 कारतूस और कई जरूरी दस्तावेज ले गए। जाते-जाते चोर सीसीटीवी कैमरों का हार्ड डिस्क भी ले गया। ताकि उनकी पहचान का कोई सुराग न बचे।

घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत है। लोग पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल उठा रहे हैं। पूर्व विधायक ने बताया कि घर बंद था। लौटने के बाद ही चोरी गई संपत्ति का सही आकलन हो सकेगा।

घटना की सूचना पर हिलसा डीएसपी सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। डीएसपी ने बताया कि आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस साक्ष्य के आधार पर जांच में जुटी है।