एन के सिन्हा की रिपोर्ट
हिलसा थाना क्षेत्र के पूना नोनिया बिगहा गांव में गुरुवार रात छापेमारी करने गई उत्पाद थाना की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में दो महिला कर्मी समेत 6 कर्मी जख्मी हो गए। सभी को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मी में उचित कुमार, अनिल कुमार गुप्ता, विवेक कुमार, रामकृष्ण, शिम्पी कुमारी और रंजीता कुमारी शामिल हैं।
बताया जाता है कि शराब बिक्री की सूचना पर उत्पाद टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। एयी दौरान ग्रामीणों ने शराब के नाम पर अवैध वसूली और बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस झड़प में बदल गई और ग्रामीणों ने टीम पर हमला बोल दिया।
संख्या कम होने से उत्पाद टीम को पीछे हटना पड़ा। इसी बीच झड़प में एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिए जाने की चर्चा फैल गई। हालांकि उत्पाद थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने हथियार छीने जाने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि मामूली झड़प हुई थी और हथियार बाद में वापस मिलने की बात अफवाह है।

