राज की रिपोर्ट –
नालंदा के नए पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने शुक्रवार को समाहरणालय में गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी के साथ पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के कुछ ही घंटे बाद वे सड़क पर उतरे और अधिकारियों-जवानों के साथ शहर में पैदल फ्लैग मार्च कर स्थिति का जायजा लिया।
एसपी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है। अपराध करने वालों की जगह सलाखों के पीछे होगी। थाना में आने वाला हर फरियादी संतुष्ट होकर लौटे, पुलिस इसी संवेदनशीलता से काम करेगी।
कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, शराबबंदी को सख्ती से लागू करना और पर्यटकों की सुरक्षा उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। शराब के साथ-साथ सूखे नशे के कारोबार पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। राजगीर, नालंदा समेत सभी पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को भयमुक्त वातावरण दिया जाएगा।
इधर, शाम में एसपी ने सदर डीएसपी अमरनाथ, नगर थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख सड़कों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया।

