• November 20, 2025 8:03 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – माैत की कार: जानें कितनों की गयी जान…

ByReporter Pranay Raj

Feb 7, 2023

आशीष – 7903735887 

इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुर्गियाचक-मठपर गांव के पास मंगलवार की सुबह अनियंत्रित कार के कहर से लोग सहम गये। गाड़ी ने चार लोगों व तीन मवेशियों को रौंदते हुए दुकान में घुस गयी। हादसे में दो लोगों व तीन मवेशियों की मौत हो गयी। दो घायलों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें पटना रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान मुसहरी गांव निवासी नरेश यादव के 28 वर्षीय पुत्र अशोक यादव व मुर्गियाचक गांव निवासी पिंकू कुमार की 12 वर्षीया बेटी खुशी कुमारी के रूप में की गयी है। मुर्गियाचक के ही महेन्द्र प्रसाद को पटना रेफर किया गया है। मखदूमपुर के अजीत राम को इलाज निजी अस्पताल में कराया गया है। खुशी की मौत के बाद गुस्साये लोग घटनास्थल के पास सड़क पर उतरकर हंगामा करने लगे। आग जलाकर इस्लामपुर-जैतीपुर मार्ग पर यातायात बाधित कर दिया। देर शाम तक पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही थी।

काफी रफ्तार में थी कार:

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार की रफ्तार काफी तेज थी। एक-एक कर सड़क किनारे जा रहे साइकिल सवार, पैदल जा रहे लोगों व मवेशियों को कुचलते हुए दुकान में घुस गयी। धमाके की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की और दौड़े। तब तक चालक कार छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही अशोक की मौत हो गयी थी। वहीं, खुशी व महेन्द्र को पटना रेफर किया गया। पटना में इलाज के दौरान खुशी की भी मौत हो गयी।

खुशी की मौत के बाद भड़के लोग:

घटना के कुछ घंटे बाद लोगों को खुशी की मौत की खबर मिली। खबर मिलते ही लोग भड़क गये और सड़क पर उतरकर हंगामा करने लगे। नाराज लोग दोषी चालक को पकड़ने व मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। नरेश ने बताया कि उनका पुत्र अशोक प्रतिदिन साइकिल से दूध लेकर इस्लामपुर जाता था। मंगलवार को भी दूध ले जा रहा था कि हादसे का शिकार हो गया। वहीं, पिंकू ने बताया कि बेटी किसी काम से सड़क की ओर गयी थी। हादसे में उनकी दो बकरियां भी मरी हैं।

कार चालक की हो रही पहचान:

थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि कार को जब्त कर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एक शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन को सौंप दिया गया है। अजीत की हालत ठीक है। अशोक की मौत इस्लामपुर तो खुशी की मौत पटना में इलाज के दौरान हुई है।